जगदलपुर (डेस्क) – बड़ाजी थाना क्षेत्र के ग्राम कोंडालूर में आज सोमवार शाम एक भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया. गैस लीक नहीं, बल्कि पूजा के एक दीये से लगी आग देखते ही देखते इतनी भड़क गई कि दुकान में मौजूद 5 लोग बुरी तरह झुलस गए. बताया जा रहा है कि दुकान में रखे पेट्रोल की बोतलों के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया.

दीये से लगी, पेट्रोल से भड़की आग

​पुलिस से प्राप्त जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना कोंडालूर गांव में एक स्थानीय दुकान पर शाम करीब 6:33 बजे हुई.

​सूत्रों ने बताया कि दुकानदार ने शाम को अपनी दुकान में पूजा करने के बाद दीया जलाया था. इसी दीये की वजह से दुकान में आग लग गई. यह आग तब और भयावह हो गई जब दुकान में बिक्री के लिए रखे पेट्रोल से भरे कुछ बोतलें इसकी चपेट में आ गईं.

सामान बचाने की कोशिश में झुलसे लोग

​आग लगते देख दुकानदार और दुकान में मौजूद दुकानदार के परिजन तुरंत आग बुझाने की कोशिश में जुट गए और कीमती सामान को दुकान से बाहर निकालने लगे. इसी अफरा-तफरी के बीच, पेट्रोल से भरी एक बोतल लीक हो गई, जिसके कारण आग की लपटें बेकाबू होकर अचानक और तेज हो गईं. ​इस प्रयास में, वहां मौजूद पांच लोग आग की चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए.

झुलसे हुए व्यक्तियों के नाम :

​अगस्ती बघेल, ​नरेंद्र बघेल, ​शांति बघेल, ​फूलमती बघेल, ​सुधु राम

बड़ाजी थाना प्रभारी ने दी घटना की जानकारी, जांच शुरू

​घटना की सूचना मिलते ही बस्तर चौकी की डायल 112 ERV ‘बाइसन 1’ तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए डिमरापाल जगदलपुर अस्पताल पहुँचाया.

​घटना के संबंध में बड़ाजी थाना के थाना प्रभारी ने बताया, “हमें सूचना मिली कि कोंडालूर गांव की एक दुकान में आग लग गई है, जिसमें पांच लोग बुरी तरह झुलस गए हैं. घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है. मामले की विस्तृत जांच की जा रही है कि आग लगने का वास्तविक कारण क्या था. जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed