सुनील कश्यप, दंतेवाड़ा। सुकमा -दंतेवाडा के सीमावर्ती इलाके में आज सुबह सुरक्षाबल के जवानों और नक्सलियों के बीच एक बड़ी मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में जवानों ने दो वर्दीधारी महिला नक्सलियों को ढेर किया है। साथ ही जवानों ने घटनास्थल से 12 बोर की 2 राइफल, एक देशी हथियार, विस्फोटक और अन्य नक्सलियों के कैंपिंग की सामग्री भी बरामद किया है।
मिली जानकारी के अनुसार कटेकल्याण के गोरली-मुथेली व दानिकोरथा क्षेत्र के जंगलों में एलओएस व कटेकल्याण एरिया कमेटी के बड़े कैडरों के मौजूदगी की सूचना मुखबिर से मिली थी। जिसके बाद सुकमा और दंतेवाड़ा जिले से डीआरजी, सीआरपीएफ और छत्तीसगढ़ बल की संयुक्त पार्टी को सर्चिंग के लिए उस इलाके में रवाना किया गया था। जहां सुबह 11:00 बजे करीब जवानों को अपनी ओर आता देख नक्सलियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद मोर्चा संभालते हुए जवानों ने भी नक्सलियों पर जवाबी कार्रवाई की। और इस मुठभेड़ में जवानों के हाथ एक बड़ी सफलता लगी है जिसमें जवानों ने दो वर्दीधारी महिला नक्सलियों को ढेर किया है। मृत महिला नक्सलियों पहचान पेदारास LOS कमांडर मंजुला पुनेम व मुचाकी गंगी डीवीसी सुरक्षादल की सदस्य के रूप में की गई है। फिलहाल इस मुठभेड़ के बाद जवान लगातार घटनास्थल के आसपास सर्चिंग कर रहे हैं। क्योंकि इस मुठभेड़ में अन्य नक्सलियों के घायल होने की भी संभावना जताई जा रही है।