जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर पुलिस ने एक बार फिर नशे के कारोबारियों पर कड़ा प्रहार करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है. आज गुरुवार को बोधघाट थाना क्षेत्र में एक शातिर गांजा तस्कर को रंगे हाथों पकड़ा गया है, जिसके पास से 53.17 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया गया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 5,40,000 रुपये आंकी जा रही है.
चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान रफ़ी शेख (37 वर्ष, निवासी मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है. यह खुलासा हुआ है कि आरोपी ओडिशा राज्य से गांजे की यह बड़ी खेप अपनी साधारण सी स्प्लेंडर मोटर सायकल (क्रमांक OR 10 D 6439) पर छिपाकर ला रहा था, जिसका मकसद इसे बस्तर के युवाओं तक पहुंचाना था.
कैसे हुई गिरफ्तारी ?
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर, बोधघाट थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की. कुरन्दी-अडावाल चौक मार्ग पर MCP (मोबाइल चेक पोस्ट) लगाकर जाल बिछाया गया. जैसे ही आरोपी अपनी बाइक पर गांजे की बोरी लेकर पहुंचा, पुलिस ने फिल्मी अंदाज़ में उसे घेरकर दबोच लिया.
जब्त किए गए माल में 53 किलो से अधिक गांजा और तस्कर का मोबाइल भी शामिल है. फिलहाल आरोपी रफ़ी शेख को NDPS एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.