जगदलपुर (डेस्क) – पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में बस्तर पुलिस ने नशे के कारोबार पर नकेल कसते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है. बोधघाट थाना क्षेत्र में एक विशेष कार्रवाई को अंजाम देते हुए, भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं बेचने की फिराक में घूम रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित एक तेज़-तर्रार टीम को यह सूचना मिली थी कि माड़िया चौक, कुम्हार पारा इलाके में तीन व्यक्ति प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टेबलेट बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं. सूचना पर त्वरित और गोपनीय कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जाल बिछाया और तीनों तस्करों को मौके से धर दबोचा.
कार्रवाई का विवरण
तलाशी के दौरान, उनके संयुक्त कब्जे से 1350 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट अल्प्राजोलम (Alprazolam 0.5mg) बरामद हुई. बरामद दवा की अनुमानित कीमत ₹3,258/- आँकी गई है.
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
संतोष पटनायक (उम्र 42 वर्ष), निवासी नयापारा, जगदलपुर, गिरजा शंकर सेठिया (उम्र 35 वर्ष), निवासी आसना और भरत लाल यादव (उम्र 30 वर्ष), निवासी बस्तर.
बस्तर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है. सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.