जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी)। बस्तर पुलिस के द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों और उनके तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस ने आज गुरुवार को शहर में अवैध नशीली दवाइयों का धंधा करने वाले एक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार हुए तस्कर के पास से हजारों रुपये के अवैध नशीली दवाइयां भी बरामद की है।

सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नया बस स्टैंड के पास एक युवक संदिग्ध सामान लेकर बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर बोधघाट टीआई दिलबाग सिंह के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम को तुरंत नया बस स्टैंड के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस ने पतासाजी करते हुए नए बस स्टैंड के पास से एक संदिग्ध युवक को घेराबंदी करने के बाद पकड़ लिया। पकड़ने के बाद पुलिस ने युवक से पूछताछ करते हुए उसके पास रखे एक पीली रंग की पॉलीथिन की तलाशी ली। इस तलाशी में पुलिस ने युवक के पास में रखे पॉलीथिन से पीवॉन स्पॉस प्लस कैप्सूल्स के 480 नग और अल्प्राजोलम टेबलेट के 600 नग बरामद किया है। जब पुलिस ने पकड़े गए युवक से इन प्रतिबंधित दवाइयों से सम्बंधित कागजात के बारे में पूछा तो युवक ने पुलिस को कोई संतोषजनक जवाब नही दिया। पुलिस की कड़ी पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि वह यह प्रतिबंधित नशीली दवाइयों का जखीरा शहर में बेचने की नीयत में था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी किशोर कुमार (37) निवासी गंगामुण्डा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से मिले प्रतिबंधित दवाइयों की कीमत 5 हजार रुपये से अधिक है। फिलहाल पुलिस ने एनडीपीएस की धारा 21 (बी) के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed