सुनील कश्यप, जगदलपुर – बस्तर जिले में इन दिनों आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो रहा है. प्रभु यीशु मसीह के पवित्र संदेशों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से, जगदलपुर के ऐतिहासिक मिशन ग्राउंड में चार दिवसीय ‘प्रार्थना महोत्सव’ का भव्य आयोजन 27 नवंबर को दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हो गया है. यह शांति महोत्सव न केवल बस्तर, बल्कि पड़ोसी राज्यों के विश्वासियों के लिए भी आशीष और नई ऊर्जा का केंद्र बन गया है.
सत्य, मार्ग और जीवन का संदेश
इस दिव्य महोत्सव के मुख्य वक्ता प्रोफेट घना कुर्रे हैं, जो विश्वासियों को प्रभु के वचन से सींच रहे हैं. महोत्सव का केंद्रीय विषय यूहन्ना रचित सुसमाचार के 14वें अध्याय से लिया गया है, जहाँ प्रभु यीशु मसीह कहते हैं:
”मार्ग सत्य और जीवन मैं ही हूँ बिना मेरे द्वारा कोई पिता के पास नहीं पहुंच सकता है.”
इस आयोजन में पास्टर जॉन जेबराज, पास्टर शेल्डन बंगेरा, बहन प्रकृति घना, और भाई नावेल दास आराधक के रूप में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं, जो अपनी स्तुति और आराधना से वातावरण को भक्तिमय बना रहे हैं.
सामुदायिक सहयोग की अनूठी मिसाल
यह महोत्सव जगदलपुर शहर की विभिन्न कलीसियाओं के सामूहिक सहयोग और समर्पण का परिणाम है. आयोजक समिति के सदस्य भावेश जॉन और बोनी चौधरी ने बताया कि यह आयोजन प्रभु के कार्यों को करने और लोगों को आशीषित करने का एक माध्यम है, जिसमें हर आयु वर्ग के लोग उत्साह से अपनी ज़िम्मेदारियाँ निभा रहे हैं.
विशाल सभाएं : महोत्सव के दौरान 27, 28, 29 और 30 नवंबर को हर शाम मिशन ग्राउंड में विशाल प्रार्थना सभाएं आयोजित हो रही हैं.
दिवसीय संगति : दिन के समय सुबह 09 बजे से हैरल्ड चेपल में भी सुसमाचार सभा का आयोजन किया जा रहा है.
बस्तर के शहरी, ग्रामीण इलाकों और पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में विश्वासी यहाँ पहुँच रहे हैं. आयोजकों द्वारा सभी बाहर से आने वाले लोगों के लिए ठहरने और भोजन की निशुल्क उत्तम व्यवस्था की गई है. सभी विश्वासी मिलकर प्रभु की आराधना, स्तुति और महिमा करते हुए प्रेम, शांति और सकारात्मकता का संदेश लेकर लौट रहे हैं.