जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर पुलिस ने जुआ और सट्टे के खिलाफ अपनी मुहिम में बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने जवाहर नगर वार्ड, मेटगुड़ा क्षेत्र में सट्टा खिलाते हुए एक कुख्यात आरोपी को ₹4,220/- नगदी रकम और सट्टा पर्चियों के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी का नाम भीम मानिकपुरी (44 वर्ष) है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी सट्टे के चार मामले दर्ज हैं. ​पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशानुसार, बस्तर पुलिस लगातार आपराधिक तत्वों पर शिकंजा कस रही है.

ऐसे हुई गिरफ्तारी

​बीते कल मंगलवार को, पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि आरोपी भीम मानिकपुरी जवाहर नगर वार्ड, मेटगुड़ा स्थित रेलवे कॉलोनी के मैदान में बैठकर हार-जीत का दांव लगाकर सट्टा पट्टी लिख रहा है. ​सूचना मिलते ही, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक अमित देवांगन के पर्यवेक्षण में थाना बोधघाट प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई. टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी भीम मानिकपुरी को पकड़ लिया.

क्या-क्या हुआ जब्त ?

​तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 12 नग सट्टा पर्ची और ₹4,220/- की नगदी रकम ज़ब्त की गई. पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने और आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने के बाद, भीम मानिकपुरी को गिरफ्तार कर अगले ही दिन माननीय न्यायालय में न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed