जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है, जो एक व्यक्ति के निजी अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल कर रहा था और लगातार पैसों की मांग कर रहा था. यह मामला बोधघाट थाना क्षेत्र का है.
पुलिस अधीक्षक, शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में बस्तर पुलिस ने अपराधिक तत्वों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. इसी क्रम में, एक शिकायतकर्ता ने बोधघाट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका मोबाइल फोन खो गया था, जो आरोपी को मिला. आरोपी ने इस मोबाइल से शिकायतकर्ता के निजी फोटो और वीडियो प्राप्त कर लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया.
शिकायत दर्ज होने के बाद, पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में तत्काल एक टीम का गठन किया गया. टीम ने कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही को हिरासत में लिया.
ओडिसा का है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिरंची पिता गोवर्धन (उम्र 38 वर्ष) के रूप में हुई है, जो राज खारियार, जिला नयापारा, ओडिशा का निवासी है. पूछताछ में, आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं.
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) BNS और 67 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.