जगदलपुर (डेस्क) – उप मुख्यमंत्री एवं बस्तर जिला प्रभारी मंत्री विजय शर्मा ने आज बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगामी 04 अक्टूबर को होने वाले बस्तर प्रवास कार्यक्रम की तैयारियों का गहन निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ और तैयारी समयपूर्व सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए.
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सबसे पहले सिरहासार भवन और मुख्य कार्यक्रम स्थल लालबाग में चल रहे कार्यों का जायजा लिया. निरीक्षण के बाद उन्होंने अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय बैठक ली, जिसमें प्रवास कार्यक्रम के प्रत्येक चरण की तैयारी और व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा, यातायात और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी हर व्यवस्था त्रुटिहीन होनी चाहिए.
उच्च अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस महत्वपूर्ण बैठक और निरीक्षण के दौरान बस्तर के प्रमुख जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. इनमें सांसद बस्तर महेश कश्यप, विधायक जगदलपुर किरण देव, महापौर संजय पाण्डे, कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह, आईजी बस्तर रेंज सुंदरराज पी., कलेक्टर हरिस एस., पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी शामिल थे.