जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर पुलिस ने चाकूबाजी और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए एक तगड़ी और निर्णायक कार्रवाई की है. एसपी शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में, “ऑनलाइन शॉपिंग” के जरिए घातक और धारदार हथियार मंगाने वाले लोगों पर सीधी नज़र रखी गई, जिसके तहत एक विशेष अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री जब्त की गई है.
51 चाकू और 8 पिस्टल लाइटर बरामद
इस विशेष अभियान के अंतर्गत, एएसपी माहेश्वर नाग और डीएसपी गीतिका साहू, सायबर सेल की निगरानी में थाना स्तर की टीमों ने वर्ष 2025 में जिले के निवासियों द्वारा Amazon, Flipkart जैसी शॉपिंग साइट्स से मंगाए गए धारदार और बटनदार चाकुओं का रिकॉर्ड खंगाला. परिणामस्वरूप, पुलिस ने 51 नग खतरनाक चाकू और 8 नग पिस्टल स्टाइल लाइटर बरामद किए हैं.
चाकुबाजों को कड़ी चेतावनी : बस्तर पुलिस का ‘जीरो टोलरेंस’
बरामद चाकू और लाइटर के क्रेताओं को पुलिस ने कड़ी समझाईश दी है, यह स्पष्ट करते हुए कि भविष्य में ऐसे किसी भी प्रयास पर कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी. यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश देती है कि ऑनलाइन हथियार मंगाना अब आसान नहीं रहेगा.
बस्तर पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे बटनदार, धारदार व घातक चाकू या पिस्टल स्टाइल लाइटर जैसे हथियार कतई न मंगाएं और चाकूबाजों के बारे में जानकारी देकर ‘चाकूबाजी मुक्त बस्तर’ बनाने में पुलिस का सहयोग करें.
बस्तर पुलिस अब ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स पर भी लगातर निगरानी रखेगी और प्रतिबंधित हथियारों की खरीदारी करने वाले हर व्यक्ति की जानकारी जुटाकर उन पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाएगी.