जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ अपनी मुहिम को जारी रखते हुए एक और सफलता हासिल की है. पुलिस ने बोधघाट थाना क्षेत्र में एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बेच रहा था. आरोपी के पास से भारी मात्रा में “पाइवोन स्पास प्लस” कैप्सूल जब्त की गई हैं.
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में बस्तर पुलिस ने अपराधियों के होश उड़ा रखे हैं. इसी कड़ी में, पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति एयरपोर्ट के पीछे करकापाल जंगल में नशीली दवाएं बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है. सूचना मिलते ही, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार डी धोत्रे के मार्गदर्शन में बोधघाट थाना प्रभारी लीलाधर राठौर की टीम तुरंत हरकत में आ गई.
पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी राकेश झा (34), निवासी धरमपुरा, को पकड़ लिया. उसकी तलाशी लेने पर एक प्लास्टिक बैग से 39 पत्ते पाइवोन स्पास प्लस कैप्सूल बरामद हुए, जिनकी कुल संख्या 312 थी. इन कैप्सूलों की कीमत लगभग 3,088 रुपये है.
आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. बस्तर पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.
गौरतलब है कि बस्तर पुलिस पिछले कुछ दिनों से लगातार ऐसे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है. पुलिस का यह अभियान नशे के कारोबारियों के लिए एक बड़ा सबक है.