जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर युवा कांग्रेस ने पंचायत सचिव भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की जोरदार मांग की है. इसी संबंध में युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला पंचायत बस्तर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा.
संगठन ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान भर्ती प्रक्रिया में बाहरी जिलों और राज्यों के उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिलने की संभावना है. यदि ऐसा होता है, तो बस्तर के हजारों शिक्षित बेरोजगार युवाओं के साथ अन्याय होगा और उनका भविष्य प्रभावित हो सकता है.
युवा कांग्रेस की प्रमुख मांगें :
युवा कांग्रेस ने अपनी मांगों में निम्नलिखित बिंदुओं पर जोर दिया है :
• भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए.
• बस्तर जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार में वरीयता दी जाए.
• किसी भी अनियमितता को रोकने के लिए एक स्वतंत्र निगरानी समिति का गठन किया जाए.
• ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों से आने वाले उम्मीदवारों को आरक्षण और नियमों के अनुरूप अवसर मिलें.
युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी पाई जाती है और स्थानीय युवाओं के हितों की अनदेखी होती है, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे.
ज्ञापन सौंपने के दौरान युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप, जिला सचिव विजय भारती, कमल, शैलेश, रूपचंद बघेल और मितान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे.