जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर दशहरा के दौरान दंतेवाड़ा जाने वाले हजारों पदयात्रियों की सुविधा के लिए इस साल भी जिला प्रशासन सामाजिक और व्यापारिक संगठनों के साथ मिलकर सेवा केंद्रों की स्थापना कर रहा है. कलेक्टर हरिस एस. ने हाल ही में हुई एक बैठक में तैयारियों की समीक्षा की और पदयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए.
रेडियम लगे ड्रमों से होगी बेरिकेडिंग
कलेक्टर ने पुलिस और परिवहन विभाग को यातायात व्यवस्था सुगम बनाने के लिए खास निर्देश दिए हैं. सेवा केंद्रों के पास रेडियम लगे ड्रमों का उपयोग करके बैरिकेडिंग की जाएगी, ताकि रात के समय भी वाहन चालकों को केंद्र की स्थिति का पता चल सके. इसके अलावा, रात के समय मुख्य मार्ग पर पुलिस पेट्रोलिंग को भी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं.
सेवा केंद्रों में मिलेंगी ये सुविधाएं
जगदलपुर से दंतेवाड़ा के बीच विभिन्न स्थानों पर स्थापित होने वाले इन सेवा केंद्रों में पदयात्रियों के लिए कई तरह की सुविधाएं होंगी. इनमें प्राथमिक उपचार, ग्लूकोज, पीने का पानी, आराम करने के लिए दरी, शौचालय और रोशनी की व्यवस्था प्रमुख है. कलेक्टर ने सभी केंद्रों के पास पर्याप्त लाइट और डस्टबिन की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि स्वच्छता बनी रहे.
पुलिस ने की नियमों के पालन की अपील
बैठक में पुलिस विभाग के अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण जानकारी दी. उन्होंने ओवर स्पीडिंग और नशे में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही. इसके साथ ही पदयात्रियों से रात में यात्रा करते समय अपने बैग पर स्टीकर लगाने की अपील की गई. नवरात्रि के दौरान पंडाल लगाकर यातायात बाधित करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है. पुलिस ने गरबा आयोजकों से ध्वनि प्रदूषण न करने और रात 10 बजे तक समय सीमा का पालन करने की अपील की है.
इस साल बस्तर दशहरा-नवरात्र पर्व के अवसर पर 22 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच पदयात्रियों के लिए ये विशेष सुविधाएं प्रदान की जाएंगी.