जगदलपुर (डेस्क) – अगर आपके पास राशनकार्ड नहीं है या उसमें किसी सदस्य का नाम जोड़ना है, तो आपके लिए अच्छी खबर है. कलेक्टर हरिस एस के मार्गदर्शन में, खाद्य विभाग ने 15 से 20 सितंबर तक विशेष शिविरों का आयोजन करने का निर्णय लिया है. ये शिविर गांवों और वार्डों के पंचायत और सरकारी भवनों में लगाए जाएंगे.
शिविरों का उद्देश्य
इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य राशनकार्ड से वंचित परिवारों को नया राशनकार्ड देना, सदस्यों का नाम जोड़ना और सभी कार्डधारकों का ई-केवाईसी पूरा करना है.
1. नया राशन कार्ड : अगर आपके परिवार या किसी सदस्य का नाम किसी भी राशनकार्ड में नहीं है, तो आप इन शिविरों में आवेदन कर सकते हैं.
2. नाम जोड़ना : यदि आपके परिवार में कोई नया सदस्य आया है और आप उसका नाम राशनकार्ड में जुड़वाना चाहते हैं, तो भी आप इन शिविरों में जा सकते हैं.
3. ई-केवाईसी अनिवार्य : 5 वर्ष से अधिक उम्र के सभी राशनकार्ड सदस्यों के लिए ई-केवाईसी करवाना अनिवार्य है. इसके बिना, खाद्यान्न प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है. आप इन शिविरों में ई-पॉस मशीन के माध्यम से अपना आधार प्रमाणीकरण कराकर ई-केवाईसी पूरा कर सकते हैं.
खाद्य विभाग ने सभी राशनकार्ड धारकों से अपील की है कि वे इन शिविरों में उपस्थित होकर अपनी ई-केवाईसी जरूर करवा लें. आवेदन की जांच के बाद पात्र लोगों को नए राशनकार्ड जारी किए जाएंगे या उनके कार्ड में नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.