जगदलपुर (डेस्क) – छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग ने आज बुधवार को श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार (टाउन हॉल) में ‘बिटिया सम्मान’ कार्यक्रम का आयोजन किया. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को सशक्त करना और बाल विवाह जैसी कुरीतियों के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना था.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक किरण देव शामिल हुए. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना को साकार करने पर जोर दिया. विधायक किरण देव ने अपने संबोधन में कहा कि आज देश में महिलाएं हर क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रही हैं. उन्होंने बाल विवाह को एक कानूनी अपराध बताते हुए, इस पर आधारित नुक्कड़ नाटक की सराहना की. इस दौरान सभी ने मिलकर ‘बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़’ बनाने का संकल्प लिया.

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई. इसमें बाल विवाह की रोकथाम पर नुक्कड़ नाटक का मंचन, स्वास्थ्य जांच शिविर और विभागीय प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया. मुख्य अतिथि विधायक किरण देव और महापौर संजय पांडे ने प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया और महिलाओं से बातचीत की. इस अवसर पर जिले की दसवीं और बारहवीं कक्षा की मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया.

महापौर संजय पांडे ने विभाग को बधाई देते हुए कहा कि “नारी शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है.” कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य, पार्षद, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.