जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर संभाग के दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के मालेवाही थाना क्षेत्र में आज सुबह नक्सलियों द्वारा किए गए एक IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) ब्लास्ट में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के दो जवान घायल हो गए हैं. घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रायपुर भेजा जा रहा है.
क्या हुआ ?
आज, 11 सितंबर 2025 को, सीआरपीएफ की 195वीं बटालियन की एक कंपनी मालेवाही से सातधार की ओर नक्सल विरोधी अभियान के तहत एरिया डोमिनेशन और डी-माइनिंग ऑपरेशन के लिए निकली थी. सुबह करीब 10:30 बजे, सातधार पुल से लगभग 800 मीटर आगे, जवान नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर IED की चपेट में आ गए.
घायल जवानों के नाम
इंस्पेक्टर दीवान सिंह गुर्जर
आरक्षक आलम मुनेश
ब्लास्ट के तुरंत बाद, दोनों घायल जवानों को प्राथमिक उपचार के लिए दंतेवाड़ा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनकी हालत को देखते हुए, उन्हें आगे के इलाज के लिए रायपुर के उच्च चिकित्सा केंद्र में शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया है.