जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने निर्णायक जंग छेड़ दी है. पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में बस्तर पुलिस ने शुक्रवार को दो अलग-अलग बड़ी कार्यवाहियों में अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर और नशीली दवाओं के स्थानीय सप्लायर को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है. इन दोनों कार्यवाहियों में कुल 11,78,200 रुपये की सामग्री जब्त की गई है.

1. नगरनार पुलिस की कार्रवाई

​ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश की ओर होने वाली गांजा तस्करी को रोकने के लिए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर थाना नगरनार की टीम लगातार निगरानी कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आर.टी.ओ. नाका धनपुंजी के पास एक व्यक्ति सफेद बोरी में संदिग्ध सामान लेकर वाहन का इंतजार कर रहा है.

​घेराबंदी और गिरफ्तारी: पुलिस ने मौके पर दबिश देकर आरोपी शिव कुमार रावत उर्फ भोले (22 वर्ष), निवासी जिला जौनपुर (उत्तर प्रदेश) को पकड़ा.

​जब्ती: तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 10.700 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ.

​कीमत: जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 5,35,000 रुपये आंकी गई है.

​कानूनी कार्रवाई: आरोपी के खिलाफ थाना नगरनार में अपराध क्रमांक 04/2026 धारा 20 (ख) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.

2. बोधघाट पुलिस की कार्रवाई

​दूसरी ओर, थाना बोधघाट पुलिस ने नशे की लत फैलाने वाली प्रतिबंधित दवाओं के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में टीम ने एयरपोर्ट रोड पर घेराबंदी कर नशीली दवाओं की तस्करी कर रहे एक युवक को दबोचा.

​आरोपी पशुपति नाथ ठाकुर (35 वर्ष) अपनी मोटरसाइकिल (CG17KT1832) पर आड़ावाल की तरफ से प्रतिबंधित ट्रामोडोल कैप्सूल लेकर जगदलपुर शहर की ओर आ रहा था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 120 नग प्रतिबंधित ट्रामोडोल कैप्सूल जब्त किए, जिसका कुल वजन 80.4 ग्राम है. इन कैप्सूलों का खुदरा मूल्य लगभग 6,43,200 रुपये बताया जा रहा है. आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(B) के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed