चेतन कापेवार, बीजापुर। जिले से एक बड़ी खबर निकल कर आ रही है। जहां सुरक्षा बल के जवानों और नक्सलियों के बीच एक बड़ी मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबल का 1 जवान शहीद हो गया है। वहीं एक जवान घायल है, इस मुठभेड़ की पुष्टि बीजापुर एसपी कमलोचन कश्यप ने की है।
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह सुरक्षा बल के जवान उसूर ब्लॉक के तिम्मापुर से लगे पुतकेल के जंगलों में सर्चिंग के लिए निकले थे। इसी दौरान घात लगाए नक्सलियों ने जवानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जिसके बाद मोर्चा संभालते हुए जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में सीआरपीएफ के 1 असिस्टेंट कमांडेंट एसबी तिर्की शहीद हो गए हैं जो झारखंड के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं एक जवान घायल बताया जा रहा है। जिन्हें ग्राउंड पर प्राथमिक उपचार दिया गया है। और अस्पताल ले जाने की प्रक्रिया सुरक्षाबल के जवानों द्वारा की जा रही है। इधर मौके पर अभी भी नक्सलियों की मौजूदगी है और बताया जा रहा है कि सीआरपीएफ के जवानों और नक्सलियों के बीच अभी भी मुठभेड़ रुक- रुक कर जारी है।