जगदलपुर। बस्तर जिले में चलाए जा रहे हैं नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत आज बस्तर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। बस्तर पुलिस ने तीन सक्रिय माओवादियों को गिरफ्तार किया है। जिनमें एक इनामी सहित 2 अन्य माओवादी शामिल है।

मिली जानकारी के अनुसार आज दरभा व कटेकल्याण के सीमावर्ती इलाके में नक्सलियों के मौजूदगी होने की सूचना मुखबिर से मिली थी। जिसके बाद जिला पुलिस बल व डीआरजी की संयुक्त पार्टी को सर्चिंग के लिए कड़ेनार क्षेत्र में रवाना किया गया था। जहां जंगल में पुलिस पार्टी को आता देख नक्सली भागने की कोशिश कर रहे थे। जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को धर दबोचा। जिनमें एक जन मिलिशिया कमांडर गुड्डी पोडियामी जिस पर छत्तीसगढ़ शासन ने 1 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। अन्य आरोपी नक्सली लखमा कवासी कटेकल्याण क्षेत्र ग्राम कमेटी का सदस्य है व माओवादी हिड़मा उर्फ केओम पोडियामी भी क्षेत्र में नक्सल सहयोगी के तौर पर काम कर रहा था। पुलिस ने तीनों गिरफ्तार माओवादियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध करते हुए जेल भेज दिया है।