सुकमा (डेस्क) – जिला पुलिस को अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी कामयाबी मिली है. केरलापाल थाना क्षेत्र में पुलिस ने 455 किलोग्राम से ज़्यादा गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 45 लाख रुपये से अधिक है.
पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह और अभिषेक वर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई. टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि केरलापाल के पास एनएच-30 पर मलगेर नदी पुल के पास झाड़ियों में बड़ी मात्रा में गांजा छुपाकर रखा गया है.
सूचना मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में, सहायक उप-निरीक्षक ओमप्रकाश यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने तत्काल मौके पर छापा मारा और 89 पैकेटों में छुपाए गए 455.110 किलोग्राम गांजे को जब्त कर लिया.
हालांकि, मौके से कोई आरोपी पकड़ा नहीं जा सका, लेकिन पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश जारी है. इस पूरी कार्रवाई में सहायक उप-निरीक्षक बीरसिंह ठाकुर और अन्य पुलिसकर्मियों का विशेष योगदान रहा.