जगदलपुर (डेस्क) – गणेश विसर्जन और ईद मिलादुन्नबी के जुलूसों के दौरान अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले चार डीजे संचालकों पर बस्तर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण निर्देशों के उल्लंघन के बाद की गई है.
बस्तर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गणेश विसर्जन और ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर जुलूसों के दौरान ध्वनि नियंत्रण के लिए सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया गया था. लेकिन कुछ डीजे संचालकों ने नियमों की अनदेखी करते हुए तय सीमा से अधिक शोर मचाया, जो न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि आम लोगों के स्वास्थ्य और शांति के लिए भी हानिकारक है.
इस उल्लंघन के बाद, चार डीजे संचालकों के खिलाफ कोलाहल अधिनियम और मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है.
पुलिस की अपील
बस्तर पुलिस ने सभी डीजे संचालकों और नागरिकों से अपील की है कि भविष्य में किसी भी धार्मिक, सांस्कृतिक या सामाजिक आयोजन के दौरान सरकार द्वारा निर्धारित ध्वनि स्तर के मानकों का कड़ाई से पालन करें. पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी उल्लंघनकर्ता की होगी.