सुकमा (डेस्क) – एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, सुकमा की होनहार छात्रा चंचल सुधाकर ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर जेईई मेन्स 2025 परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है. इस सफलता के परिणामस्वरूप उन्होंने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर में बी.टेक (बायोटेक्नोलॉजी शाखा) में प्रवेश प्राप्त कर विद्यालय एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया है.
चंचल ने कक्षा 12 वीं की पढ़ाई एकलव्य विद्यालय, सुकमा से ही पूर्ण की थी. जेईई की प्रारंभिक तैयारी भी उन्होंने यहीं से आरंभ की. विद्यालय के अनुभवी शिक्षकों ने उन्हें निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया. साथ ही, जेईई मेन्स की आवेदन प्रक्रिया से लेकर काउंसलिंग तक का संपूर्ण कार्य विद्यालय परिसर में ही संपन्न कराया गया, जो कि प्रधानाचार्य राजीव कुमार के कुशल नेतृत्व का परिणाम है.
इस असाधारण उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त की. छात्रा चंचल सुधाकर को कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव कुमार ने प्रमाणपत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया. इस अवसर पर कलेक्टर श्री ध्रुव ने चंचल को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और उनके परिश्रम एवं समर्पण की सराहना की.