सुकमा (डेस्क) – जिले के केरलापाल थाना क्षेत्र में जादूटोना के शक में एक व्यक्ति की हत्या कर देने का मामला सामने आया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 11 अगस्त 2025 को ग्राम बोरगुड़ा पोंगभेज्जी में हुई है. मृतक की पहचान किसके हिंगा पिता भीमा के रूप में हुई है.

थाना केरलापाल को घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तस्दीक करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की. जांच में सामने आया कि मृतक की हत्या गांव के ही दो व्यक्तियों ने जादूटोना के शक में की है. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी अंधविश्वास और जादूटोना की भ्रांत धारणाएं मौजूद हैं, जिसके चलते इस तरह की घटनाएं घटित होती हैं. यह मामला भी इसी कुरीति का परिणाम है, जिसमें एक निर्दोष व्यक्ति को अपनी जान गंवानी पड़ी है.

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस की सक्रियता से स्थिति नियंत्रण में है. आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके खिलाफ हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की सूक्ष्मता और गंभीरता से विवेचना कर रही है.

अधिकारियों ने बताया कि विस्तृत जानकारी और जांच की प्रगति संबंधी अपडेट पृथक से जारी की जाएगी. साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अंधविश्वास से दूर रहें और किसी भी संदेहास्पद घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed