जगदलपुर (डेस्क) – नगरीय निकाय चुनाव में जगदलपुर नगर निगम में महापौर पद के लिए दोनों ही राष्ट्रीय राजनीतिक दलों ने बीते कल रविवार को प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है. कांग्रेस पार्टी ने मलकीत सिंह गैदु तो वहीं भाजपा ने संजय पांडेय को प्रत्याशी के रूप में चुनाव में खड़ा किया है. आइए जानते है इन प्रत्याशियों की जीवनी के बारे में…

कांग्रेस पार्टी से प्रत्याशी मलकीत सिंह गैदु का जन्म 6 जून 1969 में हुआ. शैक्षणिक योग्यता में मलकीत सिंह गैदु मैट्रिक पास है. मलकीत सिंह गैदु ने अपनी युवा अवस्था में ही राजनीति में कदम रख लिया था. वर्ष 1995 से लेकर वर्ष 2005 तक उन्होंने बस्तर जिला युवा कांग्रेस में महामंत्री का पद संभाला. इसके बाद वर्ष 2003 से 2006 तक बस्तर परिवहन संघ में सचिव के रूप में जिम्मेदारी संभाली. वहीं 2007 से 2017 तक वह बस्तर जिला बैडमिंटन संघ में अध्यक्ष रहे. इसी दौरान उन्हें वर्ष 2014 में एक साल के लिए छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी में सचिव का पद मिला. वर्ष 2014 से 2016 तक उन्हें ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन में मैनेजिंग कमेटी का सदस्य भी बनाया गया. फिलहाल वर्तमान समय में वह शहर में स्थित श्री गुरुनानक पब्लिक स्कूल में संरक्षक और वर्ष 2023 से छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी में प्रभारी महामंत्री के पद में पदस्थ है. राजनीति के क्षेत्र में भी मलकीत सिंह गैदु मंझे हुए खिलाड़ी है. प्रभारी महामंत्री के पद में रहते हुए उन्होंने प्रदेश में सभी चुनावी गतिविधियों में हिस्सा लेने के साथ ही संगठन को और भी मजबूत करने के लिए काम किया है. वर्ष 2013 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्हें चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र में प्रभारी की जिम्मेदारी पार्टी ने सौंपी थी. इस जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभाते हुए उन्होंने कड़ी मेहनत की. जिसकी वजह से कांग्रेस पार्टी से तत्कालीन विधायक प्रत्याशी दीपक बैज ने अपनी जीत दर्ज की थी. इसके बाद वर्ष 2018 में चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र में हुए उपचुनाव में भी मलकीत सिंह गैदु को पार्टी ने एक बार फिर से प्रभारी के रूप में दायित्व सौंपा. इस दायित्व को भी उन्होंने बखूभी निभाया. जिसके चलते तत्कालीन विधायक राजमन बेंजाम ने अपनी जीत का परचम लहराया था. वर्ष 2018 में हुए लोकसभा चुनाव में उन्हें दंतेवाड़ा जिले का प्रभार दिया गया. इस दौरान भी कांग्रेस पार्टी से सांसद प्रत्याशी दीपक बैज को जीत हांसिल हुई थी. मलकीत सिंह गैदु ने बीते वर्ष जगदलपुर नगर निगम चुनाव में भी अपने अनुभव से शहर के तीन नगर निगम की सीटों पर खड़े कांग्रेसी प्रत्याशियों को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. इसके साथ ही मलकीत सिंह गैदु महारानी अस्पताल में समय – समय पर दवा और रक्तदान शिविरों का आयोजन करते रहते है. सामाजिक क्षेत्रों में भी वह बढ़ – चढ़कर हिस्सा लेते है. बस्तर क्षेत्र के खेल प्रतिभाओं को उभारने के लिए आवश्यक सहयोग देने के लिए वह हमेशा तत्पर रहते है. बीते लगभग 30 वर्षों से मलकीत सिंह गैदु कांग्रेस पार्टी के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम कर रहे है. वर्ष 2013 में दरभा ब्लॉक के झीरम घाटी में कांग्रेसी नेताओं पर हुए नक्सली हमले में मलकीत सिंह गैदु घायल हो गए थे. वहीं देखा जाए तो बस्तर परिवहन संघ को प्रदेश के सबसे बड़े परिवहन संघ का रूप देने में उनकी विशेष भूमिका रही है.

अब बात करते है भाजपा से महापौर पद के प्रत्याशी संजय पांडेय की. संजय पांडेय का जन्म 3 अगस्त 1970 में हुआ. शैक्षणिक योग्यता में संजय माइनिंग इंजीनियरिंग में डिप्लोमा, बीए और एमए कर चुके है. संजय पांडेय जगदलपुर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट, कोंडागांव विधानसभा क्षेत्र में प्रभारी के रूप में अपनी जिम्मेदारी बहुत शानदार तरीके से निभा चुके है. इसके साथ ही उन्होंने प्रांतीय सदस्य – प्रशिक्षण वर्ग एवं संभागीय प्रभारी – मन की बात, मोर आवास मोर अधिकार, जाबो गौठान खेलबो पोल, विस्तारक योजना और सर्व ब्राह्मण समाज में पूर्व अध्यक्ष और संरक्षक की जिम्मेदारी निभा चुके है. वहीं संजय पांडेय स्वयंसेवक, विद्यार्थी परिषद में विभाग प्रमुख, प्रदेश सह सचिव, मंत्री, 3 टर्म उपाध्यक्ष, तीन बीघा आंदोलन एवं कश्मीर के लाल चौक में तिरंगा फहराने के आंदोलन में प्रतिनिधित्व कर चुके है. संजय पांडेय अपने छात्र जीवन में दो बार अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित हुए. वर्ष 2004 से चौथी बार लगातार पार्षद, दो बार नगर निगम के एमआईसी और दो बार नेता प्रतिपक्ष बन चुके है. चुनावों में संजय पांडेय तीन बार विधानसभा चुनाव प्रभारी और बीते लोकसभा चुनाव में अभिकर्ता के रूप में काम कर चुके है. उनके खिलाफ कांग्रेस नेताओं और शासन के खिलाफ प्रदर्शन करने की वजह से चार एफआईआर दर्ज है. फिलहाल उन्हें न्यायालय से अग्रिम जमानत मिली हुई है. संजय पांडेय पेशे से फर्नीचर निर्माण (उद्योग) का काम करते है. उनकी छवि अविवादित, संघर्षशील, आक्रमक, स्वच्छ और ईमानदार के रूप में है. राजनीति में उनका कोई रिश्तेदार नही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed