जगदलपुर (डेस्क) – नक्सलियों ने एक बार फिर से बीती रात एक ग्रामीण पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाते हुए उसकी कुल्हाड़ी मारकर निर्ममता से हत्या कर दी है. इस घटना की जिम्मेदारी नक्सलियों के भैरमगढ़ एरिया कमिटी ने ली है.

मिली जानकारी के अनुसार बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में बीते कल रविवार की शाम ग्राम केशामुंडी निवासी भदरु सोढ़ी (41) की नक्सलियों ने घर में घुसकर कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी है. हत्या करने के बाद नक्सलियों ने ग्रामीण के शव के पास एक नक्सली पर्चा भी फेंका है. इस पर्चे में नक्सलियों के भैरमगढ़ एरिया कमिटी ने लिखा है कि भदरु सोढ़ी को पहले ही खत्म कर देते, लेकिन वह बच गया. इसके साथ ही नक्सली पर्चे में नक्सलियों ने भदरु पर गांव में रहकर पुलिस के लिए मुखबिरी करने का आरोप लगाया है. घटना को अंजाम देने के बाद नक्सली मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही भैरमगढ़ पुलिस मौके पर पहुंच गई है. मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस आवश्यक कार्यवाही करते हुए मामले की जांच में जुट गई है.
वहीं इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारी ने कहा है कि जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान में पुलिस को लगातार सफलता से नक्सली संगठन को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है. साथ ही नक्सलियों के कोर क्षेत्र में नए पुलिस कैम्प के निर्माण से नक्सलियों का आधार क्षेत्र सिमट रहा है. इस बात से खीझ नक्सली आम निर्दोष आदिवासी ग्रामीणों पर निकाल रहे है और कभी गद्दारी, कभी पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर भय का माहौल निर्मित करने के लिए आम लोगों की नृशंस हत्या कर अपने जनविरोधी, आदिवासी विरोधी, विकास विरोधी का परिचय दे रहे है.