जगदलपुर (गनपत भारद्वाज) – जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस के द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के दौरान आज शुक्रवार को पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब को अवैध रूप से बेचने और परिवहन करने के मामले में एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
पमिली जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब को अवैध रूप से बेचने के लिए अपनी एक स्कूटी में परिवहन कर शहर के आमागुड़ा चौक की तरफ जा रहा है. सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की एक टीम कार्यवाही करने के लिए आमागुड़ा चौक के लिए रवाना हो गई. आमागुड़ा चौक पहुंचते ही पुलिस की टीम ने वहां बने यात्री प्रतीक्षालय के पास से मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के अनुसार एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस की टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. उसके पास रखे बैग की तलाशी ली. इस तलाशी में पुलिस ने पकड़े गए व्यक्ति के बैग से 7 लीटर से अधिक मात्रा अवैध अंग्रेजी शराब बरामद किया. जिसकी कीमत 3 हजार रुपये से ज्यादा बताई गई है. कड़ी पूछताछ में आरोपी श्रीराम बिसाई (55) निवासी भेजरीपदर ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह यह अवैध अंग्रेजी शराब अपने गांव में अवैध रूप से बेचने के लिए लेकर जा रहा था. जुर्म कबूल करने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार करने के साथ ही पुलिस ने अवैध शराब और आरोपी के स्कूटी को जप्त कर लिया है. पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34 (2) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.