जगदलपुर ( डेस्क)- अवैध मादक पदार्थ गांजे की तस्करी के दो अलग अलग मामलों में पुलिस ने आज मंगलवार को चार गांजा तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इन तस्करों के पास से लाखों रुपयों का गांजा बरामद किया है.

बस्तर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पहला मामला बोधघाट थाना क्षेत्र का है. पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति अपने दो बैग में संदिग्ध सामान लेकर राउलकेला जगदलपुर पैसेंजर ट्रेन से उतरकर जगदलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म में बैठे हुए है. सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत ही रेलवे स्टेशन के लिए निकल गई. रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म में पहुंचते ही पुलिस घेराबंदी करते हुए दो युवकों को पकड़ लिया. पकड़ने के बाद पुलिस ने युवकों से पूछताछ करते हुए उनके बैग की तलाशी ली. इस तलाशी में पुलिस ने युवकों के बैग से 20 किलो से ज्यादा मात्रा में गांजा बरामद किया. जिसकी कीमत 2 लाख रुपये से अधिक बताई गई है. कड़ी पूछताछ में आरोपियों नौकिर चिश्ती (37) और मो. आसिफ सैदुल हसन (35) दोनों निवासी कानपुर (उ.प्र.) ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

दूसरा मामला नगरनार थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति नाबालिक लड़के के साथ ओड़िसा से गांजा लेकर पैदल यात्री बस में सवार होने के लिए चोकावाड़ा टाउनशिप मेन रोड की तरफ जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उक्त व्यक्ति और नाबालिक लड़के को पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस ने दोनों के बैगों की तलाशी ली. इस तलाशी में पुलिस ने उनके बैग से 22 किलो से अधिक गांजा बरामद किया. जिसकी कीमत 2 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है. कड़ी पूछताछ में आरोपी विशाल पवार (27) और नाबालिक दोनों निवासी भोपाल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

फिलहाल पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस की धारा 20 (ख) ii (ग) के तहत अपराध दर्ज करते हुए सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *