जगदलपुर (डेस्क) – लगातार दूसरी बार प्रदेश संगठन के सर्वोच्च पद पर आसीन होने के बाद भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष किरण देव का आज सोमवार को बस्तर आगमन पर अभूतपूर्व स्वागत अभिनंदन किया गया. भारतीय जनता पार्टी के देवतुल्य कार्यकर्ताओं के द्वारा समूचे जगदलपुर शहर को भगवा झंडा, बैनर, पोस्टर एवं तोरण से सजाया गया था. शहर के 20 से अधिक स्थानों में मंच बनाकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव का विभिन्न समाज संगठन एवं संस्थाओं के द्वारा फूल माला, गजमाला एवं जोरदार आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया गया. उत्साह से भरे भाजपा के कार्यकर्ताओं ने शहर प्रवेश द्वार से मोटर साइकिल रैली निकाल कर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव की अगवानी की. कार्यकर्ताओं, नागरिकों के द्वारा जगह – जगह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का आरती, तिलक कर पुष्प वर्षा के साथ अभिनंदन एवं स्वागत किया.

शहर से लगे ग्राम आसना से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव का स्वागत एवं अभिनंदन करने का सिलसिला आरंभ हुआ जो आमागुड़ा चौक, माड़िन चौक, माडिया चौक, शहीद पार्क चौक, स्टेट बैंक चौक, मेंन रोड, गोल बाजार चौक, जगन्नाथ मंदिर के सामने, एवं दंतेश्वरी माई जी की मंदिर के समक्ष भव्य स्वागत होता रहा. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने मांई दंतेश्वरी मंदिर में मत्था टेका, पूजा अर्चना की और आशीर्वाद लिया. मंदिर दर्शन के पश्चात गुरुनानक चौक, संजय बाजार चौक, अग्रसेन चौक, पुराना बीपीएस कार्यालय के सामने, गुरुगोविंद सिंह चौक से होकर भाजपा जिला कार्यालय तक भव्य स्वागत एवं अभिनंदन होता रहा. भाजपा जिला कार्यालय के समक्ष विशाल मंच में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव का कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त आतिशबाजी, जयकारों के साथ गजमाला पहनाकर व लड्डुओं से तौलकर स्वागत अभिनंदन किया. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और सभी का आभार व्यक्त करते हुये संगठन के लिए समर्पित भाव से सदैव कार्य करने की बात कार्यकर्ताओं से कही. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के स्वागत में भाजपा जिला, नगर व ग्रामीण क्षेत्रों के हज़ारों कार्यकर्ता मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed