जगदलपुर. नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बीते कल शनिवार को पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने कुछ दिनों पहले गिरफ्तार किए बड़े स्तर के नक्सली लीडर प्रभाकर उर्फ बालमूरी नारायण राव की पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया है. वहीं पुलिस ने इस मामले में प्रभाकर की पत्नी के साथ एक नक्सली सहयोगी को भी गिरफ्तार किया है. प्रभाकर की पत्नी 8 लाख रुपये ईनामी नक्सली है.
ज्ञात हो कि पुलिस ने बीते 22 दिसम्बर 2024 को नक्सलियों के बड़े लीडर प्रभाकर उर्फ बालमूरी नारायण राव को गिरफ्तार किया था. इसके बाद से पुलिस प्रभाकर की पत्नी और नक्सली संगठन के उत्तर बस्तर डिवीजन में सक्रिय डीवीसी रावघाट एरिया कमिटी की प्रभारी मालती उर्फ राजे उर्फ निर्मला कांगे की गतिविधियों पर भी नजर रख रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बीते कल शनिवार को कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र से मालती उर्फ राजे उर्फ निर्मला कांगे को गिरफ्तार कर लिया है. मालती के साथ ही पुलिस ने नक्सलियों के एक सहयोगी श्यामनाथ उसेंडी को भी गिरफ्तार किया है. आवश्यक कार्यवाही करने के बाद पुलिस गिरफ्तार इन नक्सलियों से पूछताछ कर रही है. पूछताछ में पुलिस को इन नक्सलियों से अहम जानकारियां मिल सकती है.
बता दें कि, मालती उर्फ राजे उर्फ निर्मला कांगे (48) ग्राम कसई फरसगांव बड़े डोंगर थाना क्षेत्र की निवासी है. वहीं श्यामनाथ कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र का रहने वाला है.