जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). नेशनल पार्क ईलाके में आज रविवार को सुरक्षाबल के जवानों और नक्सलियों के बीच घण्टों चले मुठभेड़ में जवानों ने 5 वर्दीधारी नक्सलियों को मार गिराया है. मारे गए नक्सलियों में दो महिला नक्सली भी शामिल है. इसके साथ ही जवानों ने घटनास्थल से नक्सलियों के हथियार समेत अन्य सामान भी बरामद किया है. इस मामले की पुष्टि बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने की है.
बता दें कि, सुरक्षाबल को संभाग के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के मद्देड़ थाना क्षेत्र में स्थित नेशनल पार्क के बन्देपारा और कोरणजेड के जंगलों में बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी. सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबल के जवानों की एक टीम को मौके पर के लिए रवाना किया गया था. आज सुबह जवानों की टीम जैसे ही इस जंगल में पहुंची तभी पहले से घात लगाए बैठे नक्सलियों ने जवानों पर अंधाधुंध गोलियां चलाना शुरू कर दिया. हमला होते देख जवानों भी जवाबी फायरिंग की. सुबह से लेकर शाम 3 – 4 बजे तक जवानों और नक्सलियों के बीच रुक रुक कर फायरिंग होती रही. इसके बाद जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली वहां से फरार हो गए. नक्सलियों के मौके से भाग जाने के बाद जवानों ने घटनास्थल में सर्च ऑपरेशन चलाया. इस सर्च ऑपरेशन में जवानों ने घटनास्थल से 5 वर्दीधारी नक्सलियों का शव बरामद किया है. मारे गए इन 5 नक्सलियों में 2 महिला नक्सली भी शामिल है. वहीं जवानों ने मौके पर से नक्सलियों का 1 एसएलआर बंदूक, एक 12 बोर बंदूक, 2 सिंगल शॉट रायफल, 1 बीजीएल लांचर, 1 देसी भरमार, विस्फोटक सामान, नक्सली साहित्य और अन्य सामान बरामद किया है. मारे गए सभी 5 नक्सलियों की अभी शिनाख्ती नही हो पाई है. फिलहाल पुलिस मारे गए इन सभी नक्सलियों की पहचान करने में जुटी हुई है.