जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). नगर निगम चुनाव की सरगर्मी तेज़ हो गयी है. सभी राजनीतिक दल प्रत्याशी चयन में लगे हुये है जिसे देखते हुये लगता है कि इस बार को चुनाव बेहद रोचक होने वाला है.
जगदलपुर नगर निगम चुनाव में पब्लिक वॉइस ने भी युवा, ईमानदार और सेवाभावी प्रत्याशियों का समर्थन करने की घोषणा की है. इसके अलावा, कई वार्डों में प्रत्याशी उतारने की भी पब्लिक वॉइस के सदस्यों द्वारा तैयारी की जा रही है. यह सर्व विदित है कि जगदलपुर की दुर्दशा इसकी उपेक्षा, अदूरदर्शिता और बेहिसाब भ्रष्टाचार की वजह से हुयी है, ऐसे समय मे आवश्यक है कि शहर व वार्डों की कमान युवा, ईमानदार, दूरदर्शी और सेवाभावी प्रत्याशियों को मिले.
उल्लेखनीय है कि पब्लिक वॉइस संगठन शहर के ज्वलंत मुद्दों को बड़ी की मुखरता से उठते आयी है और उसके निराकरण के लिये अथक प्रयास किया है साथ ही संगठन ने सामाजिक कार्यों का भी बेहद संवेदनशीलता से निर्वाहन किया है. यहीं कारण है कि शहर के आमजनमानस को कोई तकलीफ होती है तो पब्लिक वॉइस टीम को याद किया जाता है. कोरोना काल मे पब्लिक वॉइस के टीम सर्व प्रथम आगे आयी थी और हजारों लोगों तक मदद पहुंचाने में महती भूमिका निभाई थी.
पब्लिक वॉइस के संस्थापक रोहित सिंह आर्य ने बताया कि शहर की स्थिति बद से बदतर होते जा रही है, जिसमें धूल और गंदगी की समस्या गंभीर होती जा रही है. शहर के सबसे बड़े तालाब दलपत और गंगामुण्डा तालाब की स्थिति भी चिंताजनक है और उनका अस्तित्व खतरे में नज़र आ रहा है. सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है और मुख्य मार्गों के सड़कों का भी बुरा हाल है. महिला प्रसाधन और पार्किंग की दिक्कत से शहरवासी जूझ रहे है. बस स्टैंड का हाल भी काफी खराब चल रहा है.
आर्य ने आगे कहा कि शहर में समस्याओं का अंबार है जिससे युद्ध स्तर पर सटीक योजना से ही पार पाया जा सकता. इस चुनाव में हम ऐसे प्रत्याशियों का समर्थन व प्रचार करेंगे जो युवा, कर्मठ व ईमानदार होंगे चाहे फिर वो किसी भी दल के क्यों न हों, साथ ही जहाँ गुंजाइस होगी वहाँ स्वयं के प्रत्याशी भी उतारे जाएंगे. वार्डों का भ्रमण जारी है और जन इच्छा अनुरूप स्वच्छ छवि वाले प्रत्याशी उतारना प्राथमिकता होगी.