जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). जिले में एक बार फिर से जमीन विवाद के चलते एक भतीजे ने अपने पिता के बड़े भाई पर जानलेवा हमला किया है. भतीजे ने अपने पिता के बड़े भाई पर पेट्रोल छिड़कर उसे जान से मारने की कोशिश की है. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नगरनार थाना क्षेत्र निवासी लखमू राम कश्यप (60) अपनी पत्नी और बेटी – दामाद के साथ ग्राम पंचायत उलनार के तारागुड़ा पारा में रहता है. लखमू का उसके छोटे भाई विक्रम कश्यप के बेटे शिबो कश्यप के साथ हमेशा जमीन को लेकर विवाद होता रहता था. सूत्रों की माने तो लखमू का कोई बेटा नही है. इसी वजह से शिबो कश्यप लखमू के जमीन पर अपना कब्जा करना चाहता था. बीते 22 नवंबर को लखमू की बेटी और दामाद अपने किसी रिश्तेदार के अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने देउरगांव गए हुए थे. रात को घर में लखमू और उसकी पत्नी अलग अलग कमरों में सो रहे थे. देर रात करीबन 12 बजे लखमू की घर में किसी की आहट सुनकर नींद टूट गई. लखमू ने देखा कि उसके छोटे भाई का बेटा शिबो घर के अंदर खड़ा हुआ है. लखमू ने शिबो से इतनी देर रात घर आने की वजह पूछी. इसके तुरंत बाद शिबो ने अपने पास रखे स्प्रे नुमा सामान से लखमू पर पेट्रोल छिड़कना शुरू कर दिया. पेट्रोल छिड़कने के बाद शिबो ने जान से मारने की धमकी देते हुए लखमू को आग के हवाले कर दिया. आग लगते ही लखमू ने शोर मचाना शुरू किया. शोर सुनकर घर के दूसरे कमरे में सो रही उसकी पत्नी भागकर वहां पहुंची. लेकिन तब तक शिबो वहां से फरार हो गया था. घटना के बाद लखमू की पत्नी ने किसी तरह उसे मेकॉज पहुंचाया. मेकॉज पहुंचते ही चिकित्सकों ने पीड़ित लखमू का ईलाज करना शुरू किया. बताया गया है कि इस घटना में लखमू के सिर, छाती, दोनों हाथ और पैर के दोनों घुटने आग की वजह से बुरी तरह से झुलस गए है. फिलहाल मेकॉज में लखमू का ईलाज जारी है. इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 332 के तहत मामला दर्ज किया है. वहीं जब इस मामले में बस्तर फाइल्स वेब पोर्टल की टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी और अधिक जानकारी लेने के लिए सम्बंधित अधिकारी से सम्पर्क करने की कोशिश की तो उनसे संपर्क नही हो पाया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed