नवीन कश्यप, सुकमा- नक्सल प्रभावित इलाके में माओवादियों का आईईडी बम ब्लास्ट हो गया. इस ब्लास्ट की चपेट में सर्चिंग पर निकले जवान आ गए. आईईडी ब्लास्ट से DRG का एक जवान घायल हो गया है. घायल जवान को उपचार के लिए सुकमा पुलिस के द्वारा उचित कार्रवाई की जा रही है.
सुकमा एसपी किरण चौहान ने बताया कि बीते दिनों सुकमा जिले के चिंतलनार थाना क्षेत्र के रायगुड़ा में नया सुरक्षा कैंप स्थापित किया गया है. और इसी कैंप से DRG की एक टीम एरिया डोमिनेशन के लिए आसपास के इलाके में निकली हुई थी. इसी दौरान आज सुबह 11:00 बजे रायगुड़ा के जंगल में माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी बम की चपेट में आने से DRG का एक जवान आरक्षक पोडियम विनोद घायल हो गया. इसके बाद साथी जवानों ने घायल जवान को उठाकर रायगुडा कैंप में पहुंचाया. जहां घायल जवान का प्राथमिक उपचार किया गया. इसके बाद जवान को बेहतर उपचार के लिए सुकमा पुलिस के द्वारा अस्पताल पहुंचाने के लिए आवश्यक व्यवस्था की जा रही है.
दरअसल माओवादी सुरक्षाबल के जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए हमेशा से ही आईईडी बम का इस्तेमाल करते आए हैं. और इन आईईडी बम के ब्लास्ट होने से जवानों को काफी नुकसान भी हुआ है. अंदरूनी क्षेत्रों में बिछाए गए बम की चपेट में स्थानीय आदिवासी और मवेशी भी आते हैं. चपेट में आने के कारण उनकी मौत भी होती है.