सुकमा (नवीन कश्यप). बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले के जंगल में सुरक्षाबल के जवानों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई है. इस मुठभेड़ में जवानों ने एक नक्सली को ढेंर कर दिया है. साथ ही जवानों ने मौके पर से बड़ी मात्रा में नक्सलियों का सामान भी बरामद किया है. इस मामले की पुष्टि सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने की है.

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को जिले के चिंतागुफा थाना क्षेत्र के तुमालपाड़ के जंगल और पहाड़ में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर की एक संयुक्त टीम को मौके पर के लिए रवाना किया गया. मौके पर पहुंचने के बाद जवान इलाके की घेराबंदी कर ही रहे थे कि अचानक नक्सलियों ने जवानों को देख लिया. इसके बाद नक्सलियों ने जवानों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाना शुरू कर दिया. हमला होते देख जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया. इसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्यवाही की. इसी दौरान जवानों ने एक नक्सली को मार गिराया. जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गए. मुठभेड़ के बाद जवानों ने घटनास्थल में सर्च ऑपरेशन चलाया. जिसमें जवानों ने मौके पर से एक नक्सली का शव बरामद किया है. वहीं मौके पर से जवानों को नक्सलियों का एक हथियार और बड़ी मात्रा में सामान भी मिला है. इस मुठभेड़ में मारे गए नक्सली की अभी शिनाख्ती नही हुई है. फिलहाल जवानों का इस इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed