सुकमा (नवीन कश्यप). बस्तर संभाग के सुकमा जिले में आज शनिवार को सुरक्षाबलों को एक और बड़ी सफलता मिली है. सुरक्षाबल के जवानों ने 1 लाख रुपये इनामी नक्सली समेत 8 नक्सलियों को गोला बारूद के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुरक्षाबलों के द्वारा जिले में लगातार नक्सल विरोधी अभियान लगातार चलाया जा रहा है. इसी क्रम में आज जिला बल, डीआरजी, बस्तर फाइटर और सीआरपीएफ 231 बटालियन की एक संयुक्त पार्टी को जगरगुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम बैनपल्ली और उसके आसपास के क्षेत्र में सर्चिंग के लिए रवाना किया गया था. सर्चिंग करते हुए सुरक्षाबल के जवान ग्राम बैनपल्ली से सटे जंगल से गुजर रहे थे. इसी दौरान जंगल में कुछ संदिग्ध लोग जवानों को देखकर छुपने की कोशिश करने लगे. जिन पर जवानों की नजर पड़ गई. इसके बाद जवानों ने घेराबंदी करते हुए 8 संदिग्ध लोगों को धर दबोचा. पकड़ने के बाद जवानों ने उनसे पूछताछ करते हुए उनकी तलाशी ली. इस तलाशी में जवानों ने पकड़े गए संदिग्ध लोगों के पास से 4 जेलेटिन रॉड, 4 डेटोनेटर, बारूद समेत अन्य विस्फोटक सामान बरामद किया है. कड़ी पूछताछ में पकड़े गए सभी आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए जवानों को बताया कि वह सभी नक्सली संगठन में काम करते है. इसके साथ ही पकड़े गए आरोपियों ने जवानों को बताया कि बड़े नक्सली लीडरों के कहने पर ही यह सारा घातक सामान सुरक्षाबल के जवानों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से उन्होंने अपने पास रखा था. जुर्म कबूल करते ही सुरक्षाबल के जवानों ने सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इनमें मुचाकी पाला (33) नक्सली संगठन का मिलिशिया कमांडर है. जिस पर 1 लाख रुपये इनाम घोषित है. इसके साथ ही मुचाकी लखमा (40), कुंजाम देवा (35), उइके हुर्रा (42), कमलु विज्जा (40), मिलिशिया डिप्टी कमांडर मड़कम सन्नू (40), मुचाकी सुदरु (25) और कमलू चैतू (28) शामिल है. यह सभी आरोपी जगरगुंडा थाना क्षेत्र के रहने वाले है. पुलिस इन सभी आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धारा 4, 5 के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है.