जगदलपुर. जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में बीती रात दो अलग अलग जगहों से पुलिस ने तेज आवाज में डीजे बजाने वाले दो डीजे संचालकों के खिलाफ कार्यवाही की है. इसके साथ ही पुलिस ने दोनों संचालकों के पूरे साउंड सिस्टम को भी जप्त कर लिया है.

एएसपी महेश्वर नाग ने बताया कि बीती रात पुलिस को शहर के दुर्गा चौक और बालाजी वार्ड में स्पीकर लगाकर तेज आवाज में फिल्मी गाने बजाने की शिकायत मिली थी. शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस की दो अलग अलग टीम मौके पर के लिए रवाना हो गई. मौके पर पहुंचते ही पुलिस ने साउंड सिस्टम बजाने वाले से पूछताछ की. एएसपी ने बताया कि देर रात स्पीकर लगाकर तेज आवाज में गाना बजाने से शहरवासियों और आसपास के लोगों को असुविधा हो रही थी. जिसके बाद पुलिस ने दोनों डीजे संचालकों अमन देवांगन (25) निवासी सनसिटी कॉलोनी और चरण सिंह गोयल (23) निवासी ग्राम उपनपाल के खिलाफ कोलाहल अधिनियम की धारा 3, 5, 15 छग के तहत कार्यवाही की है. वहीं पुलिस ने डीजे संचालकों के दो वाहनों समेत पूरा साउंड सिस्टम भी जप्त किया है.

बता दें कि बीते कल गुरुवार को ही जिला प्रशासन के द्वारा उच्च न्यायालय के निर्देश के अनुसार देर रात 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग और गाड़ी में डीजे लगाकर चलाना पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है. जिला प्रशासन ने निर्देशों का पालन नही करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्यवाही करने का निर्णय लिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed