गनपत भारद्वाज, जगदलपुर- अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करते हुए 6 तस्करों को बस्तर पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है. वहीं उनके कब्जे से 60 किलो मादक पदार्थ गांजा जब्त किया गया है. 3 मोटरसाइकिल भी जब्त किया गया है. बस्तर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर मोटरसाइकिल से अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी ओड़िसा से बस्तर के रास्ते कर रहे हैं. इसी सूचना पर दरभा थाने में चेकपोस्ट लगाकर वाहनों की चेकिंग शुरू की गई. चेकिंग के दौरान 2 मोटरसाइकिल से गांजा तस्करी करते तस्करों को पकड़ा गया. वहीं एक मोटरसाइकिल में सवार दो तस्कर रास्ता बदलकर भागने में सफल हुए थे. जिन्हें परपा पुलिस ने केशलूर के पास पकड़ा. दोनों थाने में किये गए कार्रवाई में पुलिस ने 6 तस्करों के कब्जे से 60 किलो मादक पदार्थ गांजा जब्त किया. जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये आंकी गई है. साथ ही 3 मोटरसाइकिल भी जब्त किया गया है. सभी तस्कर महाराष्ट्र के वासीम ज़िले के निवासी हैं. सभी तस्करों के खिलाफ धारा 20 ख NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया है.
दरअसल छत्तीसगढ़ के बस्तर से लगे पड़ोसी राज्य ओड़िसा में अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी बहुतायत से की जाती है. और गांजा तस्कर उड़ीसा से बस्तर के रास्ते मादक पदार्थ को देश के अलग अलग राज्यों तक पहुंचाते हैं. और अधिक दामों में बेचते हैं.