गनपत भारद्वाज, जगदलपुर- बस्तर जिले के विभिन्न इलाकों से इन दिनों लगातार कानून व्यवस्था को बिगाड़ने व उपद्रव करने की खबर निकलकर सामने आ रही है. जिससे क्षेत्र में पूरी तरह से अशांति फैली हुई है. जिसे देखते हुए अब बस्तर पुलिस ने शांति व्यवस्था को भंग करने वालो के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का निर्णय लिया है. इसी बीच आज दरभा ब्लॉक के कापानार में कानून व्यवस्था व शांति बनाए रखने के लिए अधिकारियों के द्वारा मीटिंग ली गई. जिसमें ग्राम कापानार व आसपास के ग्रामीणों भी शामिल रहे. इसके अलावा सरपंच और पंच भी मौजूद रहे.
बस्तर एएसपी माहेश्वर नाग ने ग्राम वासियों को क्षेत्र में कानून व्यवस्था, शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाये रखने के लिए निर्देशित किया. साथ ही कहा कि कोई भी व्यक्ति चाहे वह कितना भी बड़ा व्यक्ति हो वो कानून से बड़ा नहीं है. जो भी कानून को अपने हांथो में लेगा या उपद्रव करने की कोशिश करेगा या अशांति क्षेत्र में फैलाएगा. उस कर कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी. गांवों में शांति व्यवस्था बनाये रखने की जिम्मेदारी सबकी है. सभी आपस मे मिल जुलकर शांतिपूर्ण वातावरण में जीविकोपार्जन करें. और किसी प्रकार के भड़कावे या बहकावे में न आये. साथ ही कहा कि जो अपने अपने क्षेत्रों में बहकाने का काम कर रहे हैं. ऐसे व्यक्तियों को बस्तर पुलिस चिन्हित कर रही है. और उन पर कठोर से कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.