जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस के द्वारा जिले में अवैध शराब और अवैध मादक पदार्थों का कारोबार करने वाले आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने बीते कल गुरुवार को लोकसभा चुनाव के ठीक एक दिन पहले ही अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी करने वाले दो तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.

एएसपी महेश्वर नाग ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक एक बाइक में अवैध अंग्रेजी शराब लेकर ओड़िसा की तरफ से जगदलपुर की ओर जा रहे है. सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर नगरनार टीआई टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम का गठन किया गया. इसके बाद पुलिस की उक्त टीम को तुरंत ही नगरनार थाना क्षेत्र के ग्राम चोकावाड़ा मेन रोड के लिए रवाना किया गया. मौके पर पहुंचने के पुलिस की टीम संदिग्ध बाइक सवार युवकों का इंतजार करने लगी. इसी दौरान पुलिस की टीम ने एक बाइक में सवार दो संदिग्ध युवकों को ओड़िसा की ओर से आते देख लिया. इसके बाद पुलिस ने बाइक सवार दोनों संदिग्ध युवकों को घेराबंदी करने के बाद पकड़ लिया. पकड़ने के बाद पुलिस ने बाइक में सवार दोनों युवकों से पूछताछ करते हुए उनके पास बैग की तलाशी ली. इस तलाशी में पुलिस ने युवकों के बैग से 38 नग स्ट्रांग बियर, 48 नग प्रीमियम बियर और 2 बोतल मेंशन ब्रांडी बरामद किया. जिसकी कीमत 12 हजार रुपये से ज्यादा आंकी गई है. कड़ी पूछताछ में आरोपी लखन बघेल निवासी तोकापाल और योगेश ध्रुव निवासी पथरागुड़ा ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि वह दोनों यह अवैध अंग्रेजी शराब तोकापाल में बेचने की फिराक में थे. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34 (2) के तहत मामला दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
बता दें कि, बीते दिनों भी पुलिस ने जिले के अलग अलग थाना क्षेत्रों में अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी और गोरखधंधा करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed