दंतेवाड़ा (कवि सिन्हा). आज देश ही नहीं समूचा संसार राममय हो चुका है. ऐसे में मांईजी की नगर में जबरदस्त उत्साह का माहौल है. प्रतीक्षा अब केवल रामलला के प्राण प्रतिष्ठा की है. इस शुभ अवसर को यादगार बनाने आम आदमी कोई कोर कसर नहीं छोडना चाहता. यही कारण है कि दंतेवाडा में भी आज विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे. सारे आयोजन श्री हनुमान मंदिर प्रांगण बस स्टैंड में आयोजित है. इसके लिये सर्व हिंदू समाज ने विशेष तैयारियां कर रखी हैं.

सर्व हिंदू समाज से मिली जानकारी अनुसार तडके ब्रह्ममुहुर्त प्रातः पांच बजे संकटमोचन हनुमान मंदिर में महाभिषेक किया जायेगा. 40 साल बाद हनुमान जी की प्रतिमा का अभिषेक किया जायेगा. स्थानीय लोगों ने बताया कि 1982 में मंदिर की स्थापना की गयी थी. स्थापना के बाद से आज पर्यंत प्रतिमा का अभिषेक नहीं किया जा सका है. आज शुभ मुहुर्त में यह अभिषेक किया जायेगा. घी, दूध, शहद, मक्खन, दही से यह अभिषेक किया जायेगा. इसके पश्चात 6 बजे प्रभातफेरी निकलेगी. शहर की महिलाएं बडी संख्या में इसमें शामिल होंगी. प्रभातफेरी पश्चात सुबह 10 बजे सुंदरकांड का आयोजन किया जायेगा. वहीं प्राण प्रतिष्ठा के शुभ मुहुर्त में श्रीराम की महाआरती की जायेगी. इसके लिये सर्व हिंदू समाज ने भगवान राम की आदमकद प्रतिमा रखी है. दोपहर के वक्त भंडारे का प्रसाद वितरण किया जायेगा. समिति ने अपील की हैं कि श्रद्धालु बडी संख्या में आकर प्रसाद ग्रहण करें. शाम को दंतेश्वरी सरोवर में 11 हजार दीप प्रज्वलित किये जायेंगे. हनुमान मंदिर परिसर में शाम को ही भजन संध्या का भी आयोजन किया जायेगा. इसमें कलाकार श्री राम के भजनों से नगर का समा बांधेंगे. यह पूरा आयोजन सर्व हिंदू समाज दंतेवाडा द्वारा कराया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में नगर के लोग सम्मिलित हो रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed