गनपत भारद्वाज, जगदलपुर. बस्तर पुलिस के द्वारा जिले में अवैध शराब, अवैध मादक पदार्थ, जुआ और सट्टा के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में पुलिस ने आज शुक्रवार को गांजे की तस्करी करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपनी बाइक में संदिग्ध सामान लेकर ओड़िसा की तरफ से जगदलपुर की ओर जा रहा है. सूचना मिलते ही धनपुंजी नाका में पहले से तैनात नगरनार पुलिस की एक टीम तत्काल ही सतर्क हो गई. इसके बाद पुलिस ने वहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी लेना शुरू कर दिया. इसी दौरान पुलिस ने ओड़िसा की तरफ से एक बाइक सवार व्यक्ति को चेकिंग के लिए रोक लिया. फिर पुलिस ने उक्त व्यक्ति से पूछताछ करते हुए उसकी तलाशी लेना शुरू किया. इस तलाशी में पुलिस ने रोके गए व्यक्ति के पास से 10 किलो से अधिक मात्रा में गांजा बरामद किया. जिसकी कीमत 1 लाख 29 हजार रुपये बताई गई है. इसके बाद पुलिस ने उक्त व्यक्ति को पकड़ लिया. कड़ी पूछताछ में पकड़े गए आरोपी पवित्र पांगी (30) निवासी कोरापुट ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस ने एनडीपीएस की धारा 20 (ख) के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed