जगदलपुर (गनपत भारद्वाज). पुलिस के द्वारा जिले में अवैध शराब, अवैध मादक पदार्थों, जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में बीते कल शुक्रवार को पुलिस ने शहर से एक तड़ीपार आरोपी को गिरफ्तार किया है.
सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर के संतोषी वार्ड में कुछ लोग रुपयों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे है. सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर बोधघाट टीआई के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम तुरंत ही संतोषी वार्ड के लिए रवाना किया गया. पुलिस की टीम ने छापा मार कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंच गई. पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे सभी जुआड़ी भागने लगे. लेकिन पुलिस ने भाग रहे सभी जुआड़ियों को पकड़ लिया. पकड़े गए जुआड़ियों में एक तड़ीपार आरोपी संतोष टीरली भी शामिल था. सीएसपी ने बताया कि संतोषी वार्ड निवासी संतोष उर्फ टिरली को प्रशासन के द्वारा बीते 10 अगस्त 2023 को 1 साल के लिए जिला बदर का आदेश जारी किया गया था. उक्त आदेश की अवहेलना करने के लिए पुलिस ने तड़ीपार आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.