जगदलपुर (गनपत भारद्वाज). पुलिस के द्वारा जिले में अवैध शराब, जुआ, सट्टा, अवैध मादक पदार्थों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में पुलिस ने बीते कल मंगलवार को लाखों रुपयों के गांजे की तस्करी करते हुए चार तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चार लोग संदिग्ध सामान लेकर रायपुर जाने के लिए यात्री बस में बैठने के लिए देउरगांव चौक में आने वाले है. सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर बस्तर टीआई विकेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम को तत्काल ही देउरगांव चौक के लिए रवाना किया गया. इसके बाद पुलिस की टीम ने देउरगांव चौक में पहुंचे चार संदिग्ध लोगों पर शक करते हुए उन्हें घेराबंदी करते पकड़ लिया. पकड़ने के बाद पुलिस ने चारो लोगों से पूछताछ करते हुए उनके पास रखे बैग की तलाशी ली. इस तलाशी में पुलिस पकड़े गए लोगों के बैग से लगभग 34 किलो से अधिक मात्रा में गांजा बरामद किया. जिसकी कीमत 1 लाख 74 हजार रुपये आंकी गई. कड़ी पूछताछ में चारो आरोपियों धर्मेंद साहनी (30), रवि कुमार साहनी (18), मनीष कुमार (26) और संजय साहनी (32) सभी निवासी बिहार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह सभी यह गांजा बिहार लेकर जाने की फिराक में थे. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज करते हुए सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.