जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). प्रदेश में आगामी दिनों में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. जिसके चलते पुलिस लगातार जिले के सीमाई क्षेत्रों में आने जाने वालों पर नजर रख रही है. इसके साथ ही पुलिस जिले में अवैध शराब, जुआ, सट्टा, अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है. इसी क्रम में पुलिस ने 6 गांजा तस्करों को लाखों रुपये के गांजे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.

सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि पहले मामले में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सिल्वर रंग की सेंट्रो कार में सवार कुछ युवक ओड़िसा से संदिग्ध सामान लेकर जगदलपुर की ओर जा रहे है. वहीं दूसरे मामले में भी पुलिस को सूचना मिली थी कि एक यात्री बस में तीन युवक ओड़िसा से गांजा लेकर जगदलपुर की तरफ जा रहे है. सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर नगरनार पुलिस की एक टीम को तुरंत ही धनपुंजी में स्थित फारेस्ट नाके के लिए रवाना किया गया. मौके पर पहुंचते ही पुलिस ने नाकाबंदी करते हुए वहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी लेना शुरू कर दिया. इसी दौरान पुलिस ने ओड़िसा की तरफ से आ रही एक सेंट्रो कार सीजी 04 एचबी 2097 को चेकिंग के लिए रोक लिया. इसके बाद पुलिस ने कार में सवार तीन युवकों से पूछताछ करते हुए कार की तलाशी ली. तलाशी के दौरान पुलिस ने कार के अंदर अलग से बनाकर रखे गए चैम्बर से 74 किलो की अधिक मात्रा में गांजा बरामद किया. जिसकी कीमत 7 लाख रुपये से ज्यादा बताई गई है. कार से गांजा बरामद होते ही पुलिस ने कार में सवार सभी तीन युवकों को पकड़ लिया. कड़ी पूछताछ में सभी आरोपी शिव कुमार गुप्ता, रमेश साहू और पवन कुमार तोमर सभी निवासी एमपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. इसके बाद पुलिस ने कार को जब्त करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने इनके पास से 65 हजार रुपये भी बरामद किया है. वहीं दूसरे मामले में भी पुलिस ने ओड़िसा से जगदलपुर की तरफ से आ रही एक यात्री बस पायल ट्रावेल्स में सवार तीन संदिग्ध युवकों धर दबोचा है. पुलिस ने पकड़े गए युवकों के पास से 10 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है. पकड़े गए गांजे कीमत 1 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है. इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपी एल. उदय कुमार, सौरभ कुमार गुप्ता और हिमांशु वासनिक सभी निवासी दुर्ग को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस ने इन सभी 6 आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed