जगदलपुर (गनपत भारद्वाज). आज गुरुवार की सुबह बस्तर जिले के बड़ांजी थाना क्षेत्र में गिट्टी से भरे एक टिप्पर वाहन ने बाइक सवार एक ग्रामीण को ठोकर मार दिया है. इस घटना में बाइक सवार ग्रामीण की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह एक टिप्पर वाहन गिट्टी भरकर लोहंडीगुड़ा की तरफ से जगदलपुर की ओर जा रहा था. इसी दौरान एक ग्रामीण भी अपनी बाइक में सवार होकर लोहंडीगुड़ा की ओर जा रहा था. तभी अचानक ग्राम टाकरागुड़ा के पास दोनों वाहन की आमने सामने जबरदस्त टक्कर हो गई. टक्कर होने की वजह से बाइक सवार ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई. टक्कर होने के बाद टिप्पर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. इसके बाद आसपास के ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. आवश्यक कार्रवाई करने के बाद पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. इसके साथ ही पुलिस ने मामले की जांच करते हुए फरार आरोपी चालक की पतासाजी में जुट गई है. सूत्रों के मुताबिक फिलहाल अभी मृतक की शिनाख्ती नही हो पाई है.