गनपत भारद्वाज, दंतेवाड़ा- नक्सलियों द्वारा जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए लगाए गए प्रेशर आईईडी बम की चपेट में आने से 2 जवान घायल हो गए. जिन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर उपचार के लिए एयरलिफ्ट करके रायपुर रेफर कर दिया गया है. इस घटना की पुष्टि दंतेवाड़ा एएसपी आरके. बर्मन ने की है. बताया जा रहा है कि बस्तर फाइटर्स के जवान अरनपुर क्षेत्र में सर्चिंग के लिए निकले हुए थे. और वापसी के दौरान कमारगुड़ा के पास जवानों का पैर नक्सलियों द्वारा प्लांट किए गए प्रेशर आईईडी बम के ऊपर पड़ गया. इसके बाद आईईडी बम ब्लास्ट हो गया. बम के ब्लास्ट होने से बस्तर फाइटर के दो जवान घायल हो गए. जिन्हें पैरों में गंभीर चोटें आई. घटना के बाद साथी जवानों ने घायल जवानों को उपचार के लिए नजदीकी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया. जहां घायल जवानों का प्राथमिक उपचार किया गया. इसके बाद उच्च अधिकारियों के निर्देश पर घायल जवानों को दंतेवाड़ा जिले से एयरलिफ्ट करके बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है.

आपको बता दे कि नक्सली बस्तर संभाग में जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए हमेशा से ही आईईडी बम का इस्तेमाल करते आए हैं. आईईडी बम के चपेट में आने का यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी बस्तर संभाग के अलग-अलग जिलों के अंदरूनी इलाकों में जवान प्रेशर आईईडी बम की चपेट में आए हैं. जिसके कारण उन्हें नुकसान भी हुआ है. साथ ही स्थानीय ग्रामीण व मवेशी भी लगातार प्रेशर आईईडी की चपेट में आते दिखे हैं. विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान भी नक्सलियों ने आईईडी बम का काफी मात्रा में इस्तेमाल किया था. संभाग के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र में नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट किया. जिसमें जवान घायल हुए. वहीं 14 से अधिक आईईडी बम को पुलिस ने बरामद भी किया था.

इधर सुकमा जिले से लगे पड़ोसी राज्य उड़ीसा के मलकानगिरी में आज नक्सली मोर्चे पर तैनात सुरक्षाबल के जवानों को सफलता मिली है. जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए डंप किए गए विस्फोटक सामग्री व आईईडी बम को बरामद किया है. जिसे एक बड़ी सफलता मान रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed