चेतन कापेवार, बीजापुर। जिले में एक बार फिर से नक्सलियों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराते हुए भैरमगढ़ ब्लॉक के मिरतुर थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने एक सहायक आरक्षक की निर्मम हत्या कर दी है। इस घटना की पुष्टि बीजापुर एसपी. कमलोचन कश्यप ने की है।
मिली जानकारी के अनुसार मिरथुर में आज साप्ताहिक बाजार लगा था और मिरथुर कैंप में पदस्थ जवान गोपाल कड़ती अपने घर से लंच करने के बाद वापस कैंप लौट रहा था। इसी दौरान नक्सलियों के स्माल एक्शन टीम ने ने साप्ताहिक बाजार में ही सहायक आरक्षक की निर्मम हत्या कर दी। जिसके बाद नक्सली फरार हो गए हैं। नक्सलियों के इस हत्याकांड के बाद साप्ताहिक बाजार पहुंचे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घटना के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस जवानों को दी। जिसके बाद कैंप से जवान मौके पर पहुंचे और मृत सहायक आरक्षक के शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाही में जुट गए। बताया यह भी जा रहा है कि पुलिस जवानों की एक टुकड़ी को सर्चिंग के लिए जंगलों की ओर रवाना कर दिया गया है।