जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). बोधघाट थाना क्षेत्र में लोगों को धारदार चाकू दिखाकर डराने धमकाने और मारपीट करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने आज गुरुवार को गिरफ्तार किया है.
सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि बोधघाट पुलिस को सूचना मिली कि शहर के राजीव गांधी वार्ड में शराब के नशे में धुत्त एक युवक वार्ड में ही रहने वाले रवि बघेल नामक एक युवक से गाली गलौज करते हुए धारदार चाकू से मारपीट कर रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस की एक तुरंत ही राजीव गांधी वार्ड पहुंच गई. इसके बाद पुलिस ने एक युवक की पहचान करते हुए उसे धर दबोचा. पूछताछ करते हुए पुलिस ने उसकी तलाशी ली. इस तलाशी में पुलिस ने उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद किया. कड़ी पूछताछ में आरोपी आशीष नाग (31) निवासी राजीव गांधी वार्ड ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल अभी पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है.