गनपत भारद्वाज, जगदलपुर. बस्तर जिले के कोड़ेनार थाना क्षेत्र में लगे मेले में अवैध रूप से खुड़खुड़ी खिलाने वाले 8 आरोपियों को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इन आरोपियों के पास से हजारों रुपये नगद भी बरामद किया है.

सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम डिलमिली के चालकी भाटा में आयोजित मेले में कुछ लोग अन्य लोगों से रुपये लेकर खुड़खुड़ी (जुआ) खिलाने का काम कर रहे है. सूचना मिलते ही कोड़ेनार टीआई के नेतृत्व में पुलिस की तीन अलग अलग टीमों को तत्काल ही मेले के लिए रवाना किया गया. मेले में पहुंचते ही पुलिस की सभी टीमों ने वहां खुड़खुड़ी खिला रहे 8 लोगों को रंगे हाथों धर दबोचा. पुलिस ने इन आरोपियों के पास से 17 हजार से अधिक नगद, 6 नग खुड़खुड़ी गोटा और 3 नग टोकना बरामद किया है. कड़ी पूछताछ में सभी आरोपी राजू कश्यप (30) निवासी नियानार, जब्बर खान (30) कुम्हारपारा, रियाज खान (32) निवासी कुम्हारपारा, राजू कश्यप (37) निवासी कुम्हारपारा, पूरन कश्यप (37) निवासी कुम्हारपारा, नितेश सेठिया (27) निवासी हाटकचोरा और शंभु पटुआ (25) निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस ने छग जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3 के तहत कार्रवाई की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed