जगदलपुर. छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आज शनिवार को राजीव भवन में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान राज्य और केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा. बस्तर प्रवास के दौरान पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद से युवाओं का भविष्य अंधकार में चला गया है और आदिवासियों के संवैधानिक अधिकारों को छीना जा रहा है. इसी के साथ उन्होंने जगदलपुर से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत की घोषणा करते हुए बताया कि यह आयोजन प्रदेश के सभी पांचों संभागों में किया जाएगा.
आदिवासी हितों और समान नागरिक संहिता (UCC) पर बोलते हुए दीपक बैज ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार यूसीसी के जरिए आदिवासियों को मिले विशेष संवैधानिक प्रावधानों, पेसा (PESA) कानून और पांचवीं अनुसूची के अधिकारों को खत्म करने की साजिश रच रही है, जिसका कांग्रेस पूरी ताकत से विरोध करेगी. भर्ती परीक्षाओं का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने दावा किया कि भाजपा शासन में कृषि विश्वविद्यालय के पेपर लीक होने से लेकर आरक्षक, वन रक्षक, पीडब्ल्यूडी सब-इंजीनियर और पीएससी की परीक्षाओं तक में भारी गड़बड़ियां हुई हैं, जिससे युवाओं के सपनों को बेचा जा रहा है.
बिजली के मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 400 यूनिट तक छूट खत्म करने और स्मार्ट मीटर थोपने के बाद अब सरकार विद्युत कंपनियों के शेयर बेचकर आपूर्ति का ठेका निजी हाथों में देने जा रही है. कांग्रेस इस निजीकरण के खिलाफ व्यापक बिजली सत्याग्रह चलाएगी. बस्तर के विकास और नक्सल प्रभावितों का जिक्र करते हुए उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा बस्तर पंडुम के दौरान नक्सल मुक्त गांवों को एक-एक करोड़ रुपये देने के वादे पर हिसाब मांगा और आरोप लगाया कि फर्जी आरोपों में जेलों में बंद आदिवासियों की रिहाई और पीड़ितों को मुआवजा देने में सरकार पूरी तरह विफल रही है.
दीपक बैज ने केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए खान और खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन अधिनियम 2026 को बस्तर के सामाजिक और आर्थिक हितों के खिलाफ बताया. उन्होंने एनएमडीसी के मुख्यालय को छत्तीसगढ़ स्थानांतरित करने की मांग की, ताकि राज्य को राजस्व में उचित हिस्सा मिले और स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दी जा सके. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आंध्र प्रदेश और बिहार को विशेष पैकेज दे रही है, जबकि छत्तीसगढ़ से सुरक्षा बलों की तैनाती का एक-एक पैसा वसूला जा रहा है, जिससे यह ‘डबल इंजन’ की सरकार जनता के लिए ‘ट्रबल इंजन’ साबित हो रही है. इस प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, और नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.